जीव-जंतुओं की रक्षा के बेहतर प्रयास चाहिए

भारत डोगरा

विभिन्न स्तरों पर विकट होती पर्यावरण की स्थिति ने मनुष्यों के स्वास्थ्य को बहुत प्रतिकूल  प्रभावित किया है। इस पर समझ बढ़ रही है, पर विकट होते पर्यावरणीय हालात से अन्य जीव-जंतुओं का जीवन संकटग्रस्त हो रहा है, उस पर समुचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। 

डॉ. गैरार्डो सेबेलोस, डॉ. पॉल एहलरिच व अन्य वैज्ञानिकों द्वारा किए गए एक अध्ययन में बताया गया है कि यदि हर 10,000 प्रजातियों में से दो प्रजातियां 100 वर्षों में लुप्त हो जाएं तो इसे सामान्य जैसी स्थिति माना जा सकता है। पर यदि वर्ष 1900 के बाद की वास्तविक स्थिति को देखें तो इस दौरान सामान्य की अपेक्षा कशेरुकी प्रजातियों (vertebrate species) के लुप्त होने की गति 100 गुना तक बढ़ गई है। इस तरह जलवायु बदलाव (climate change), वन विनाश (deforestation) व प्रदूषण (pollution) बहुत बढ़ जाने के कारण विभिन्न प्रजातियों का लुप्त होना असहनीय हद तक बढ़ गया है। 

अध्ययन में बताया गया है कि उक्त अनुमान लगाने में जो मान्यताएं अपनाई गई हैं, उस आधार से अनुमानित संख्या वास्तविकता से कम हो सकती है लेकिन अधिक नहीं। दूसरे शब्दों में, वास्तविक स्थिति इससे भी अधिक गंभीर हो सकती है। मात्र एक प्रजाति के लुप्त होने से ऐसी शृंखलाबद्ध प्रक्रियाएं हो सकती हैं जिससे आगे कई प्रजातियां खतरे में पड़ जाएंगी। कई प्रजातियां लुप्त होने से मनुष्य के अपने जीवन की कई कठिनाइयां अप्रत्याशित ढंग से बढ़ सकती हैं, क्योंकि सभी तरह के जीवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। डॉ. पॉल एहलरिच ने अध्ययन पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि मनुष्य जिस डाल पर बैठा है, उसी को काट रहा है। 

विभिन्न जीव-जंतुओं का जीवन सबसे अधिक इस बात से जुड़ा है कि जिस जंगल (forest) में या समुद्र (ocean) में या नदी (river) में वे रहते हैं उसकी हालत कैसी है। चूंकि वन बहुत बड़े पैमाने पर काटे गए हैं व समुद्र, नदी समेत सारे जल स्रोतों का प्रदूषण बहुत बढ़ गया है व अनेक जल स्रोत सिमट गए हैं, अत: यह स्पष्ट है कि इन लाखों तरह के जीव-जंतुओं की समस्याएं बहुत बढ़ गईं हैं व इनमें से अनेक अब लुप्तप्राय (endangered species) हैं। इसके अतिरिक्त तरह-तरह के लालच में आकर मनुष्य ने अन्य जीवों का शिकार (hunting) भी बहुत किया है। अत्यधिक वायु प्रदूषण (air pollution) का भी जीवों, विशेषकर पक्षियों (birds), पर काफी प्रतिकूल असर पड़ा है। 

पिछले लगभग दो-तीन दशकों में फुटबॉल के मैदान जितने बड़े मछली मारक जहाज़ समुद्र में बेहद विनाशक उपकरणों से लैस होकर पहुंचते रहे हैं और ये जिस खास तरह की मछली (fish) को पकड़ना चाहते हैं, उसे पकड़ने की प्रक्रिया में वे लाखों अन्य समुद्री जीव-जंतुओं (marine species) को भी मार कर यों ही फेंकते रहे हैं। इन बेहद विनाशकारी तकनीकों (destructive technologies) के कारण हज़ारों किस्म के समुद्री जीव-जंतुओं के लिए भी अब अस्तित्व का खतरा उत्पन्न हो गया है। 

जो प्राकृतिक वन (natural forests) विविध तरह के जीवों के आश्रय स्थान रहे हैं वे बड़े पैमाने पर उजड़ रहे हैं। इनके स्थान पर जो नए वन लगाए जा रहे हैं वे व्यापारिक दृष्टि से लाभदायक प्रजातियों के प्लांटेशन (commercial plantations) की तरह हैं। उनमें वन्य जीवों (wildlife) को अपनी ज़रूरतों के अनुकूल आश्रय नहीं मिल पा रहा है। इससे एक ओर वे संकटग्रस्त हो रहे हैं तथा दूसरी ओर गांवों व खेतों में उत्पात करने की उनकी प्रवृत्ति बढ़ रही है। हाल के समय में अनेक गांवों में किसानों का अस्तित्व ही बंदर, नीलगाय (nilgai), हाथी (elephant), जंगली सूअर (wild boar) आदि के उत्पात के कारण संकट में आ गया है। प्राकृतिक वनों की रक्षा ज़रूरी है ताकि वन्य जीवों को प्राकृतिक आश्रय मिल सके। 

अनेक जल स्रोतों (water sources) के लुप्तप्राय होने, नदियों में पानी का बहाव कम होने या पूरी तरह सूख जाने के कारण बड़ी संख्या में जलीय जीव (aquatic species) तड़प कर मर चुके हैं। नदियों के बढ़ते प्रदूषण से भी बड़ी संख्या में जलीय जीव मारे गए हैं या संकटग्रस्त हुए हैं। नदियों पर बहुत से बांध व बैराज बनने के कारण अनेक मछलियों (fish species) के लिए प्रजनन-स्थल तक पहुंचने में बाधाएं उत्पन्न हो गई हैं। 

यदि वन्य व जलीय जीवों की रक्षा में स्थानीय गांववासियों का सहयोग प्राप्त किया जाए तो ये उपाय अधिक सफल होंगे। इस समय संरक्षित वन क्षेत्रों (protected forest areas) से गांववासियों के अधिकार छीनने या उन्हें विस्थापित करने की जो नीति अपनाई जा रही है वह अन्यायपूर्ण व अनुचित है। मौजूदा नीतियों व कानूनों में बदलाव ज़रूरी हैं ताकि वन्य व जलीय जीवों की रक्षा में बड़े पैमाने पर गांववासियों व विशेषकर आदिवासियों (tribals) की भागीदारी प्राप्त की जा सके। विश्व स्तर पर अनेक अध्ययनों से यह स्पष्ट हुआ है कि जब वन्य-जीव रक्षा के प्रयास आसपास के गांववासियों के सहयोग से होते हैं तब उनमें अधिक सफलता मिलती है। 

आज विश्व में जितने लोग हैं, लगभग उतनी ही संख्या में पालतू पशु (domestic animals) कृषि कार्य और बोझा ढोने के कार्य में लगे हुए हैं, अथवा उन्हें दूध, मांस, ऊन आदि प्राप्त करने के लिए पाला जा रहा है। कुछ देशों में तो इन पशुओं की संख्या मनुष्यों की संख्या से कहीं अधिक है। 

यदि मुर्गीपालन (poultry farming) को भी सम्मिलित कर मुर्गी व मिली-जुली प्रजाति के पक्षियों की संख्या देखी जाए (जिन्हें अंडे व मांस प्राप्त करने के लिए पाला जाता है) तो इनकी संख्या मनुष्यों की संख्या से तीन गुना अधिक है। 

दूध देने वाले पशु से कोई भावनात्मक सम्बंध न रखकर केवल उससे दूध देने वाली मशीन की तरह व्यवहार करना निश्चय ही उचित नहीं है, पर हकीकत में अनेक देशों में यही स्थिति देखी जा रही है। 

जिन पशुओं को केवल मांस प्राप्त करने के लिए पाला जा रहा है उसमें पशुओं के कष्ट कम करने के लिए खर्च करने को कोई तैयार नहीं है। एकमात्र उद्देश्य यह रह गया है कि इससे अधिकतम लाभ (maximum profit) प्राप्त कर लिया जाए। 

न्यू इंटरनेशनलिस्ट पत्रिका में पश्चिमी देशों में सूअर पालन (pig farming) पर गेल हार्डी ने लिखा है, “मादा सूअर को इतनी तंग जगह पर रखा जाता है कि वह अपनी गर्भावस्था के पूरे समय में एक कदम से ज़्यादा हिल नहीं पाती है। हवा और प्रकाश से वंचित उसे प्राय: अपनी गंदगी में ही लेटना पड़ता है।” मुर्गीपालन (poultry industry) के हालात के विषय में वे बताते हैं कि कुछ पक्षी अपना पूरा जीवन बेहद तंग पिंजरों में बिताने के बाद प्राकृतिक प्रकाश (natural light) पहली बार तभी देख पाते हैं जब उनका वध होने वाला होता है। मुर्गियों को ऐसे ठूंस कर रखा जाता है कि उनमें एक-दूसरे को जख्मी करने जैसे विकार पैदा हो जाते हैं। 

सूअर पालन पर एक पत्रिका ने हाल ही में इस व्यवसाय में लगे लोगों को सलाह दी है, “भूल जाओ कि सूअर एक पशु है। उसे फैक्ट्री में एक मशीन की तरह समझो।” वास्तव में पशु-पक्षियों के प्रति ऐसा व्यवहार बढ़ता जा रहा है। पृथ्वी पर दुख-दर्द कम करने का कोई भी अभियान तब तक अधूरा ही माना जाएगा जब तक उसमें पालतू पशुओं के दुख-दर्द कम करने के प्रयासों को समुचित ध्यान न दिया जाए। (स्रोत फीचर्स) 

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://miro.medium.com/v2/resize:fit:686/1*9a-NA4M8ffXHcAHOxRm_Vw.jpeg

प्रातिक्रिया दे