नर जुगनुओं को धोखे से फांसती छलिया मकड़ी

डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

घात लगाकर हमला करने वाले शिकारी जंतु (predator animals) शिकार को पकड़ने के लिए अनेक प्रकार की रणनीतियां (hunting strategies) अपनाते हैं। विशेषकर मकड़ियों (spiders) के पास शिकार पकड़ने की अद्भुत रणनीतियां होती हैं, जिनमें महज़ घात लगाने से लेकर रेशमी जाले (silk webs) में फांसने तक के जटिल तरीके अपनाए जाते हैं। उदाहरण के लिए बोलस मकड़ी (Bolas spider) प्रजाति-विशेष के नर पतंगों (male moths) को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए रेशमी धागे के अंतिम छोर पर चिपचिपी और फेरोमोन्स युक्त बूंद लटका देती है। नर पतंगें उसे मादा समझकर चिपक जाते हैं और मकड़ी के शिकार बन जाते हैं। 

कुछ पायरेट मकड़ियां (pirate spiders) अन्य मकड़ियों के जालों में इस प्रकार के कंपन उत्पन्न करती हैं जिससे मेज़बान को यह विश्वास हो जाए कि जाल में कोई कीट (insect) फंसकर छटपटा रहा है। जैसे ही मेज़बान मकड़ी पास आती है, पायरेट मकड़ी उसे अपना शिकार बना लेती है। 

फूलों पर पाई जाने वाली क्रेब मकड़ी (crab spider) लंबे समय तक बिना हिले-डुले फूलों पर घात लगाकर बैठी रहती है। जैसे ही फूलों का मकरंद लेने के लिए कोई कीट आता है वे तुरंत आक्रमण करके उसका शिकार कर लेती हैं। 

लाल चींटों जैसी दिखने वाली एमिशिया मकड़ी (ant-mimicking spider) चींटों जैसी बनावट और व्यवहार अपना लेती है तथा अपनी पहचान छुपा कर रहती है, और फिर उनका ही शिकार करती हैं। 

सिंगापुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में जीवविज्ञानी दाईकिन ली, हुआझोंग कृषि विश्वविद्यालय में जीवविज्ञानी शिन्हुआ फू और साथियों ने हाल ही में करंट बायोलॉजी (Current Biology) में मकड़ी पर एक शोध पत्र प्रकाशित किया है। शोध में यह देखा गया कि मकड़ियां नर जुगनू (male fireflies) को मादा जुगनू की तरह जगमगाने पर मजबूर करती हैं जिससे बड़ी संख्या में नर जुगनू आकर्षित होते हैं तथा मकड़ी को अधिक शिकार मिलते हैं। 

प्रायः सभी वैज्ञानिक खोजों में अवलोकन की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। चीन के वुहान शहर में अपनी फील्ड ट्रिप के दौरान जीव विज्ञानी शिन्हुआ फू को यह देखकर आश्चर्य हुआ कि कई मकड़ियों के जाले ऐसे थे जिनमें केवल नर जुगनू शिकार हुए थे। सवाल था कि क्या मकड़ियां कोई ऐसी जुगत या तरकीब लगा रही हैं जिससे वे नर जुगनू को आकर्षित करके शिकार कर रही हों। 

जुगनू की प्रणय लीला (Mating Behavior of Fireflies)

प्रत्येक जंतु में विपरीत लिंग को प्रजनन के लिए आकर्षित करने के तरीके भिन्न-भिन्न होते हैं। जुगनुओं में यह कार्य उदर में उपस्थित विशेष अंगों से उत्पन्न प्रकाश को चमकाकर (light signals) किया जाता है। सूर्यास्त होते ही नर जुगनू उदर से एक निश्चित क्रम में प्रकाश-चमक के संकेतों से मादाओं को आकर्षित करते हैं। घास में नीचे बैठी मादा जुगनू अपनी प्रजाति के नरों की चमक के पैटर्न को देखकर अपनी प्रजाति के साथी को पहचान जाती है। अब मादा प्रत्युत्तर में रोशनी चमकाकर चयनित नर को आकर्षित करती हैं। संभोग के बाद, मादा गीली मिट्टी में 500 तक अंडे देती है। 

उष्णकटिबंधीय एशियाई जुगनू प्रजाति एब्सकॉन्डिटा टर्मिनेलिस में, नर और मादा, दोनों ही प्रणय के लिए साथी तलाशने के लिए चमक फेंकते हैं। लेकिन उनकी चमक एक जैसी नहीं होती। मादाएं अपने उदर में एकल प्रकाश स्रोत से धीमे-धीमे टिमटिमाती हैं, जबकि नर अपने उदर के दो प्रकाश स्रोतों से उतने ही समय में अधिक बार टिमटिमाते हैं। 

मकड़ियों की चालाकी (Spider’s Deception)

एरेनियस वेंट्रिकोसस (Araneus ventricosus) नामक मकड़ी निशाचर होती है और कार के पहिए के आकार के बड़े और गोलाकार जाले बुनती है। जाला बुनने वाली मकड़ियों की देखने की क्षमता जाला न बुनने वाली मकड़ियों की तुलना में कमज़ोर होती है। उन्हें वस्तुएं केवल तभी दिखाई देती हैं जब वे अपेक्षाकृत उनके करीब होती हैं। इन मकड़ियों के जाले में जब नर जुगनू फंस जाता है तो उसकी चमक से मकड़ी नर को पहचान जाती है और उसे जाले में लपेटते हुए अनेक बार विष दंतों से काट कर उसे मादा जुगनू जैसे प्रकाश संकेत निकालने पर मजबूर कर देती है। बंदी नर जुगनू विष के प्रभाव से मादा जैसे टिमटिमाने लगता है, जिससे कई नर भ्रमित होकर ‘मादा’ से संभोग की उम्मीद में मकड़ी के जाल में प्रवेश करते हैं और शिकार हो जाते हैं। इस प्रकार नर जुगनू मकड़ी के जाले में फंसे देखे जा सकते हैं। 

शोध के निष्कर्ष बताते हैं कि कुछ जंतु विशेष प्रकार के जंतुओं का शिकार करने के लिए शिकार के तरीके में हेरफेर करने में सक्षम होते हैं तथा शिकार को छद्म संकेत (false signals) उत्पन्न करने को विवश कर सकते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://c02.purpledshub.com/uploads/sites/62/2024/09/Orb-weaving-spider-manipulates-firefly-scaled.jpeg?w=600&webp=1

प्रातिक्रिया दे