फूलों की गंध खुद के लिए हानिकारक

ई फूलों में मीठी-मीठी गंध होती है जो परागणकर्ताओं को आकर्षित करती है और पौधे को अपनी अगली पीढ़ी तैयार करने में मदद करती है। लेकिन ये सुगंधित अणु यदि फूल की कोशिकाओं में जमा हो जाएं तो हानिकारक भी हो सकते हैं। इसलिए फूलों को ऐसी कुछ व्यवस्था करनी होती है कि यह गंध बाहर उड़ती रहे। हाल में नेचर केमिकल बायोलॉजी में प्रकाशित एक शोध पत्र में इस व्यवस्था का खाका प्रस्तुत हुआ है। सारे प्रयोग पेटुनिया के फूलों पर किए गए थे।

फूलों में गंध कुछ वाष्पशील कार्बनिक पदार्थों के कारण होती है। कोशिका में पैदा होने के बाद ये अणु कोशिका द्रव्य में से होते हुए कोशिका की झिल्ली और उसके आसपास मौजूद कोशिका भित्ती तक पहुंचते हैं। यहां से ये कोशिका के बाहर उपस्थित एक मोमी परत क्यूटिकल में पहुंच जाते हैं जहां से ये बाहर हवा में फैलकर सुगंध फैलाते हैं। ऐसा माना जाता था कि इन वाष्पशील अणुओं की यह यात्रा विसरण नामक क्रिया की बदौलत सम्पन्न होती है जिसमें अणु अधिक सांद्रता से कम सांद्रता की ओर बढ़ते हैं। लेकिन फिर 2015 में कंप्यूटर अनुकृति से पता चला कि यदि यह यात्रा सिर्फ विसरण के दम पर चले तो ये कार्बनिक अणु बहुत तेज़ी से कोशिका के बाहर नहीं निकल पाएंगे और अंदर बने रहे तो नुकसान करेंगे।

2017 में पर्ड्यू विश्वविद्यालय की जैव रसायनविद नतालिया डुडरेवा और उनके साथियों ने इस संतुलन को बनाए रखने की तकनीक का खुलासा किया था। उन्होंने पाया कि जब फूल खिलते हैं और गंध तीक्ष्ण हो जाती है, तो PhABCG1 नामक एक प्रोटीन की मात्रा बढ़ने लगती है। यदि इस प्रोटीन के जीन की अभिव्यक्ति कम हो जाए तो गंध-अणुओं का बाहर निकलना भी कम हो जाता है। ये अणु कोशिका में जमा होने लगते हैं और कोशिका की झिल्ली का क्षय होने लगता है। इसके आधार पर डुडरेवा का निष्कर्ष था कि गंध-अणुओं को झिल्ली के पार पहुंचाने का काम PhABCG1 करता है।

फिर डुडरेवा की टीम नो यह पता लगाया कि ये गंध-अणु फूल की पंखुड़ी में कहां अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। पता चला कि इनमें से अधिकांश (लगभग 50 प्रतिशत) पंखुड़ियों की क्यूटिकल में जमा होते हैं। जब शोधकर्ताओं ने किसी प्रकार से मोम में से पार पहुंचाने वाले प्रोटीन PhABCG12 की मात्रा कम कर दी तो फूल की क्यूटिकल की मोटाई कम हो गई। और इसके साथ ही गंध-अणुओं का उत्सर्जन भी कम हो गया, उत्पादन भी गिर गया और क्यूटिकल में इन अणुओं का जमावड़ा भी कम हो गया। जब यह प्रयोग एक ऐसे रसायन के साथ दोहराया गया जो क्यूटिकल की मोटाई को कम करता है, तो भी ऐसे ही असर देखे गए।

यह बात थोड़ी विचित्र जान पड़ती है कि क्यूटिकल की मोटाई कम होने से गंध-अणुओं का उत्सर्जन कम हो जाता है क्योंकि सामान्य तौर पर हम मानते हैं कि जितनी पतली रुकावट होगी उत्सर्जन उतना अधिक होना चाहिए। जब और अधिक विश्लेषण किया गया तो पता चला कि यदि क्यूटिकल बहुत पतली हो तो वाष्पशील कार्बनिक अणु कोशिका में जमा होने लगते हैं और नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसा होने पर कोशिका किसी प्रकार से वाष्पशील कार्बनिक अणुओं का उत्पादन कम कर देती है। यानी क्यूटिकल इन फूलों की गंध में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://cdn.the-scientist.com/assets/articleNo/68376/iImg/41080/voc-infographic.png

प्रातिक्रिया दे