पृथ्वी के डिजिटल जुड़वां से मौसम का पूर्वानुमान

न दिनों युरोपीय संघ पृथ्वी का ‘डिजिटल जुड़वां’ तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है। पृथ्वी के इस डिजिटल मॉडल की मदद से वायुमंडल, महासागर, बर्फ और धरती की सटीक अनुकृति बनाकर बाढ़, सूखा या जंगलों की आग जैसी आपदाओं का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। डेस्टिनेशन अर्थ नामक इस प्रयास में मानव व्यवहार का भी विश्लेषण किया जाएगा ताकि जलवायु सम्बंधी नीतियों के समाज पर असर का आकलन किया जा सके। इस परियोजना के बारे में जल्दी विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा और अगले साल तीन सुपरकंप्यूटर की मदद से फिनलैंड, इटली और स्पेन में शुरू किया जाएगा। 

डेस्टिनेशन अर्थ वास्तव में युरोपियन सेंटर फॉर मीडियम रेंज वेदर फोरकास्ट (ECMWF) के एक अनुसंधान कार्यक्रम ‘एक्स्ट्रीम अर्थ’ के रद्द होने के बाद शुरू हुआ था। गौरतलब है कि युरोपीय संघ ने इस प्रमुख कार्यक्रम को रद्द तो किया लेकिन इस विचार में रुचि बनाए रखी। इस बीच युरोप ने हाई-परफॉरमेंस कंप्यूटिंग में 8 अरब युरो का निवेश किया और ऐसी मशीनों का निर्माण किया जो प्रति सेकंड एक अरब-अरब गणनाएं करने में सक्षम हैं।

वर्तमान में उपयोग किए जाने वाले सबसे सक्षम जलवायु मॉडल 9 किलोमीटर के विभेदन पर काम करते हैं। नया मॉडल केवल 1 किलोमीटर विभेदन पर काम कर सकता है। इसलिए इस मॉडल में एक स्थान के आंकड़ों के आधार पर बड़े क्षेत्र के लिए एल्गोरिदम की मदद से अनुमान पर निर्भर नहीं रहना होगा। इसकी बजाय यह ऊष्मा के वास्तविक संवहन के आंकड़ों पर काम करेगा जो बादलों और तूफानों के निर्माण में महत्वपूर्ण होते हैं। इसके अलवा यह मॉडल बहुत बारीकी से महासागरों में बनने वाले भंवरों का विश्लेषण कर सकता है जो गर्मी और कार्बन का परिवहन करते हैं। जापान में 1 किलोमीटर के जलवायु मॉडल से तूफानों और भंवरों को सिमुलेट करके अल्पकालिक बारिश का पता लगाया जाता है, जो वर्तमान मॉडलों से संभव नहीं था।

डेस्टिनेशन अर्थ में विस्तृत डैटा के आधार पर पूर्वानुमान लगाए जा सकते हैं। इसके साथ ही मौसम और जलवायु से जुड़ी अन्य घटनाओं, जैसे वातावरण में प्रदूषण, फसलों की वृद्धि, जंगलों की आग आदि का पता लगाया जा सकता है। इन सभी जानकारियों से नीति निर्माताओं को यह अंदाज़ लग सकता है कि भविष्य में जलवायु परिवर्तन किस तरह से मानव समाज को प्रभावित करेगा।         

फिर भी सटीक अनुमान लगाना इतना आसान नहीं होगा। इस मॉडल के सुपरकंप्यूटर पारंपरिक कंप्यूटर चिप्स के साथ-साथ ग्राफिकल प्रोसेसिंग युनिट्स (जीपीयू) का उपयोग करते हैं जो जटिल गणना करने में सक्षम हैं। जीपीयू मॉडल के घटकों को चलाने के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धि के एल्गोरिदम भी विकसित करते जाते हैं। ऐसे में पुराने जलवायु मॉडलों के साथ इसका तालमेल बैठा पाना थोड़ा मुश्किल होगा। इसके साथ ही इस मॉडल से प्राप्त होने वाला डैटा भी एक बड़ी समस्या होगी। जापानी टीम ने प्रयोग के लिए 1 किलोमीटर मॉडल को चलाया था तब उनको डैटा से लाभदायक जानकारी हासिल करने में लगभग छ: माह का समय लग गया था।

इस मॉडल को और अधिक विकसित करने की आवश्यकता है। उम्मीद है कि इस मॉडल की मदद से भविष्य में लंबे समय के पूर्वानुमान न सही, कुछ हफ्तों और महीनों के पूर्वानुमान लगा पाना संभव होगा।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/article_main_image_-1280w__no_aspect/public/ca_1002NID_Globe_online_0.jpg?itok=k7T2b6HT

प्रातिक्रिया दे