हीरों का निर्माण महासागरों में हुआ था

क्सर कहा जाता है कि हीरे सदा के लिए होते हैं, और हों भी क्यों नहीं। ये अरबों वर्ष पुरानी परिवर्तित चट्टानें हैं जो पृथ्वी के अंदरूनी हिस्से में सदियों तक दबाव और झुलसाने वाले तापमान के संपर्क में रहने के बाद तैयार हुई हैं।

एक चमकदार हीरा बनने में काफी समय लगता है। वैज्ञानिकों के पास आज भी इनके बनने का कोई पक्का जवाब नहीं है। एक प्रचलित सिद्धांत के अनुसार हीरे तब बनते हैं जब समुद्र के पेंदे की प्लेट महाद्वीपीय प्लेटों के नीचे दब जाती हैं। इस प्रक्रिया के दौरान, समुद्री प्लेट और समुद्र के तल के सभी खनिज पृथ्वी के मेंटल में सैकड़ों कि.मी. गहराई में दब जाते हैं। यहां वे धीरे-धीरे उच्च तापमान और दबाव के कारण क्रिस्टलीकृत होते हैं। यह दबाव पृथ्वी की सतह की तुलना में दस हज़ार गुना अधिक होता है। अंतत: ये क्रिस्टल ज्वालामुखीय मैग्मा के साथ मिलकर ग्रह की सतह पर हीरे के रूप में बाहर आते हैं।

समुद्र के खनिजों में पाया जाने वाला नीला रत्न इस सिद्धांत का समर्थन करता है। ये हीरे सबसे दुर्लभ और सबसे महंगे हैं, इसलिए उनका अध्ययन करना मुश्किल हो जाता है। हाल ही में साइंस एडवांसेस जर्नल में प्रकाशित एक शोध में हीरे की समुद्री उत्पत्ति के लिए नए सबूत मिले हैं। अध्ययन के लिए, शोधकर्ताओं ने फाइब्रस हीरे नामक साधारण रत्नों के अंदर नमक के अवशेष का अध्ययन किया।

अधिकांश हीरों के विपरीत फाइब्रस हीरे नमक, पोटेशियम और अन्य पदार्थों के थोड़े से अवशेष के साथ बनते हैं। आभूषणों के हिसाब से तो ये कम मूल्यवान हैं, लेकिन वैज्ञानिक अध्ययन की दृष्टि से काफी कीमती हैं। इस अध्ययन के प्रमुख मैक्वेरी विश्वविद्यालय, ऑस्ट्रेलिया के प्रोफेसर माइकल फॉरस्टर के अनुसार एक सिद्धांत कहता है कि हीरे के अंदर नमक समुद्री पानी के कारण आता है लेकिन अभी तक इस सिद्धांत का परीक्षण नहीं किया जा सका था।  

वास्तविक हीरे की प्राचीन उत्पत्ति का पता लगाने के लिए फॉरस्टर और उनके सहयोगियों ने इसे अपनी प्रयोगशाला में बनाने का प्रयास किया। टीम ने समुद्री तलछट के नमूनों को पेरिडोटाइट नामक एक खनिज के साथ एक पात्र में रखा। पेरिडोटाइट एक आग्नेय चट्टान है जो व्यापक रूप उस गहराई पर मौजूद है जहां हीरे बनने का अनुमान है। इसके बाद उन्होंने मिश्रण को पृथ्वी के मेंटल के अनुमानित तापमान और दबाव पर रखा।

देखा गया कि जब मिश्रण को 4-6 गिगापास्कल (समुद्र सतह के वायुमंडलीय दबाव की तुलना में  40,000 से 60,000 गुना अधिक) दबाव और 800 से 1,100 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर रखा गया, तब जो हीरे बने उनमें नमक के लगभग वैसे ही क्रिस्टल मिले जैसे कुदरती फायब्रास हीरों में होते हैं।

वैज्ञानिक यह तो जानते थे कि हीरे बनने के लिए थोड़ा नमकीन तरल पदार्थ आसपास होना चाहिए, और अब इस परीक्षण से इस बात की पुष्टि भी हो गई है। फॉरस्टर और टीम द्वारा इस परीक्षण में उन खनिजों का भी निर्माण हुआ जो किम्बरलाइट का निर्माण करते हैं। यह वही किम्बरलाइट है जिसके साथ हीरे ज्वालामुखी मैग्मा के साथ बाहर आते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://img.purch.com/w/660/aHR0cDovL3d3dy5saXZlc2NpZW5jZS5jb20vaW1hZ2VzL2kvMDAwLzEwNS84Njkvb3JpZ2luYWwvc2FsdHktZGlhbW9uZC5qcGc=

प्रातिक्रिया दे